ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत
ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठकर जा रहा था विजय
परिजनों ने दी तहरीर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के धामूपुर गांव के पास बुधवार की रात चलती ट्रैक्टर ट्रॉली से गिरने से ईंट भट्ठा पर काम करने वाले एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना से मृतक के घर कोहराम मच गया।
मालूम हो कि भुड़कुड़ा थाना क्षेत्र के प्रदुमपुर गांव निवासी विजय लाल राजभर (39) गांव में स्थित एक ईंट भट्ठा पर मजदूरी का काम करता था। बुधवार की रात विजय ट्रैक्टर पर बैठकर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब आठ बजे धामूपुर गांव के पास ट्रैक्टर से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथ चल रहे लोग उसे आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन चीख-पुकार मच गई। जानकारी होते ही पास-पड़ोस के लोग भी वहां पहुंच गए और लोगों को ढांढस बंधाया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश त्रिपाठी ने बताया कि परिवार के लोगों ने दुर्घटना की तहरीर दी है। लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मालूम हो कि मृतक विजय मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार के सामने पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है।