करंडा। थाना क्षेत्र के गजाधरपुर में बुधवार की रात मित्र की बहन की शादी में गए एक युवक की कुएं में गिरने से मौत हो गई। इससे शादी की खुशियां उदासी में तब्दील हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के जमुआव गांव निवासी स्व. शिवनरायन गोड़ का पुत्र अंगद कुमार यादव (22) अपने मित्र गजाधरपुर गांव निवासी प्रेम यादव की पुत्री की शादी में गया था। रात करीब दस बजे शादी में युवकों द्वारा डांस के दौरान नीम की डालियों से ढके कुएं में अंधेरा होने की वजह से गिर गया। उसके गिरते ही वहां मौजूद लोग शोर मचाने लगे। कुछ ही देर में वहां दर्जनों लोग पहुंच गए। शादी में बजे साउंड पर बज रहे गीत को बंद करा दिया गया। लोगों ने तत्काल दुर्घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दो घंटा बाद रात 12 बजे अंगद को कुएं से निकलवाया। कुएं में लगे लगे लोहे की पाइप और लकड़ी की कड़ी से टकराने से सर में गंभीर चोट आई थी। आनन-फानन में घायल को जिला अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक अंगद दो भाइयों में सबसे छोटा था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।