शहर के नौकापुरा घाट पर गंगा में फ्लोटिंग बैरियर तैयार करते कर्मी। स्रोत- नगर पालिका
गाजीपुर। शहर के गंगा घाटों पर नगर पालिका की ओर फ्लोटिंग बैरियर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रथम चरण में शहर के पांच गंगा घाटों का इसके लिए चयन किया गया है। इनमें चीतनाथ, ददरीघाट, कलक्टरघाट, पोस्ताघाट व नवापुरा गंगा घाट शामिल हैं। इन गंगा घाटों पर फ्लोटिंग बैरियर लगाने पर 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। आगे चलकर शहर के अन्य गंगा घाटों पर भी फ्लोटिंग बैरियर लगाए जाएंगे।
फ्लोटिंग बैरियर लगने से गंगा में होने वाले हादसों पर रोक लगेगी। गंगा स्नान करने वाले श्रद्धालुओं को गंगा की गहराई का आसानी से पता चल सकेगा। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि फ्लोटिंग बैरियर लगाने के साथ ही इनके मेंटेनेंस का कार्य भी किया जाएगा। गंगा का जलस्तर घटने-बढ़ने के साथ ही इसको मेंटेन किया जाएगा। इसके पूर्व शहर में समय-समय पर गंगा में डूबने की घटनाएं होती थीं। इसके कारण लोगों की मांग थी कि इन हादसों पर रोक लगाने को लेकर नगर पालिका प्रशासन उचित व्यवस्था करे। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन को अपने कर्तव्य बोध का एहसास हुआ और गंगा घाटों पर फ्लोटिंग बैरियर लगाने का कार्य शुरू किया गया। नगर पालिका प्रशासन का दावा है कि सावन के शुरू होने से पहले फ्लोटिंग बैरियर लगाने का कार्य पूरा हो जाएगा।
शहर के पांच गंगा घाटों पर फ्लोटिंग बैरियर लगाने का कार्य किया जा रहा है। फ्लोटिंग बैरियर लगने से गंगा में डूबने वाली घटनाओं पर रोक लगेगी।- डीके राय, ईओ नगर पालिका