गाजीपुर। उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों और उनके आश्रितों के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना लागू होने के बाद जिले के 380 महाविद्यालयों के करीब 2500 शिक्षकों और उनके आश्रितों को सूचीबद्ध सरकारी व निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी।
योजना का शुभारंभ शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से किया। इसका सीधा प्रसारण रायफल क्लब सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में देखा गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, विधायक बेदी राम, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद और जिला विकास अधिकारी राजन राय मौजूद रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने बताया कि प्रदेश स्तरीय शुभारंभ के दौरान जिले के पांच महाविद्यालयों के 22 शिक्षकों को योजना से लाभान्वित किया गया। उन्होंने कहा कि गाजीपुर में करीब 2500 शिक्षक इस योजना के दायरे में आएंगे। विधायक बेदी राम ने कहा कि अब शिक्षक इलाज की चिंता से मुक्त होकर शिक्षण कार्य पर अधिक ध्यान दे सकेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने शिक्षकों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. अनीता कुमारी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, प्राचार्य और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।