औड़िहार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के अलायचक गांव के पास हाईवे पार कर रही महिला की बुधवार को वाहन से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
अलायचक गांव निवासी रामावती ( 55) घर से लकड़ी लेने के लिए हाईवे पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रहे अनियंत्रित वाहन की चपेट में आ गई। इधर हादसे के बाद जब तक आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंचते, चालक वाहन लेकर फरार हो गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को देने के साथ घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि मृतका के पुत्र अनिल कुमार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।