सुहवल। थाना क्षेत्र के सरैया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक महिला से मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और सामान जलाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरैया गांव निवासी इंदु देवी पत्नी खेदार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि 19 मई की शाम करीब सात बजे गांव के कुछ लोग पुरानी रंजिश को लेकर उनके दरवाजे पर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि एक आरोपी जबरन घर में घुस गया और मारपीट करते हुए उनकी साइकिल और चारपाई उठा ले गया।
इसके बाद आरोपियों ने गांव के बाहर नदी किनारे ले जाकर साइकिल और चारपाई में आग लगा दी, जिससे उन्हें करीब आठ हजार रुपये का नुकसान हुआ। पीड़िता ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुहवल थाने में बिंदा देवी, देवंती देवी और छंगुर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक नागेश्वर प्रसाद शुक्ला को सौंपी गई है।