सुहवल। नगर कोतवाली के कचौड़ी गली सन बाजार से पुलिस टीम ने मंगलवार की देर शाम देवर को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य वांछित की तलाश की जा रही है।
अपराध पर अंकुश एवं अपराधियों की धरपकड़ को लेकर रजागंज पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि देवर को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उसकाने की आरोपी लक्ष्मी देवी कही भागने के फिराक में हैं। करीब तीन महीनों से फरार चल रही आरोपी महिला को पुलिस ने कचौड़ी गली सन बजार से गिरफ्तार कर लिया। रजागंज चौकी इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि धीरज वर्मा और उसकी भाभी लक्ष्मी देवी के बीच काफी दिनों से जमीन के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। भाभी के प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर धीरज वर्मा (35) ने पंखे के हुक में फंदा लगाकर जान दे दी थी। इस मामले में मृतक की पत्नी सुनिता वर्मा ने पति को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर जेठान लक्ष्मी देवी और उसके पति विष्णु वर्मा के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कराया था। तभी से आरोपी फरार चल रहे थे। लक्ष्मी देवी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है। फरार पति की तलाश की जा रही है।