इंकलाबी नौजवान सभा (इंनौस) एवं आइसा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मोदी सरकार की ओर से सेना में अनुबंध प्रणाली लाने वाली अग्निपथ योजना को तत्काल वापस लेने की मांग कर सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान इंनौस के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज कुशवाहा ने कहा कि अगर सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ और युवाओं का मजाक उड़ाने वाली इस योजना को वापस नहीं लेती है तो हम भारत बंद की ओर बढ़ने को बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि यह योजना एक तरफ युवाओं के साथ मजाक है तो दूसरी ओर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। सेना की पूरी संरचना को तहस-नहस करने वाली इस योजना को देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। इस योजना के आने के पहले एयरफोर्स की बहाली में दो परीक्षाओं को पास कर चुके और आर्मी की बहाली में फाइनल कट ऑफ का इंतजार कर रहे हजारों युवाओं को भी इसी दायरे में धकेल दिया गया है। इंनौस के जिला सचिव आलोक कुमार रोहित ने कहा कि सरकार न केवल अग्निपथ योजना की आड़ में युवाओं से धोखेबाजी कर रही है, बल्कि प्रत्येक वर्ष दो करोड़ नौकरियों का उसका वादा भी छलावा साबित हुआ है। भाकपा माले के जिला सचिव रामप्यारे राम ने सरकार की गलत नीतियों की आलोचना की। धरना सभा में इंनौस के जिलाध्यक्ष लालजी वनवासी, मिलन कुमार, प्रदीप रावत, जिलेश्वर भारती, संजय भारती, कमलेश कुमार, आशुतोष कुमार, किशन वनवासी, महेंद्र बिंद, सुमन बिंद ने विचार व्यक्त किया। संचालन योगेंद्र भारती ने किया।