सेना में अग्निपथ योजना के तहत चार वर्ष के कार्यकाल भर्ती योजना से नाराज युवाओं के आंदोलन एवं जगह-जगह आगजनी, तोड़-फोड़ के चलते वाराणसी-मऊ भटनी प्रखंड और वाराणसी-छपरा (बलिया) रेल मार्ग पर शुक्रवार को रेल यातायात प्रभावित रहा। इन दोनों प्रखंड में लगभग छह जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया। शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि आधा दर्जन से ज्यादा लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें अपने नियत समय से दो घंटे से 15 घंटे विलंब से चल रही हैं। बरौनी से गोदिया के बीच चलने वाली गोदिया एक्सप्रेस लगभग 15 घंटे देर से शुक्रवार को जद्दोजहद के बाद दिन में 11.45 बजे गाजीपुर को रवाना की गई।
उन्होंने बताया कि दादर एक्सप्रेस (अप), सारनाथ एक्सप्रेस (अप), सद्भावना एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस (डाउन) अपने नियत समय से दो से पांच घंटे विलंब से चल रही है। छात्रों के धरना-प्रदर्शन, आंदोलन के कारण 17 जून को दो ट्रेन शार्ट टर्मिनेट, 19 ट्रेन नियंत्रित कर चलाई जाएगी, वहीं 34 गाड़ियां निरस्त कर दिया गया। इसमें 05446 वाराणसी सिटी-छपरा अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05135 छपरा-औड़िहार अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05169 बलिया-वाराणसी सिटी अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05445 छपरा-वाराणसी सिटी अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05170 वाराणसी सिटी-बलिया अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05148 वाराणसी सिटी-भटनी अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05136 औड़िहार-छपरा अनारक्षित विशेष गाड़ी, 01747 भटनी-वाराणसी सिटी अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05143 औड़िहार-जौनपुर अनारक्षित विशेष गाड़ी, 05144 जौनपुर-औड़िहार अनारक्षित विशेष गाड़ी शामिल हैं।