गाजीपुर। नगर में दो वर्षों से ओवरहेड टैंकों की सफाई नहीं हुई है। इससे नागरिकों को संक्रामक बीमारियां बढ़ने का खतरा सता रहा है। उनका कहना है कि बारिश का मौसम शुरू हो चुका है लेकिन नगर पालिका प्रशासन टंकियों की साफ-सफाई की ओर ध्यान नहीं दे रहा।
नगर के 25 वार्डों में लगभग डेढ़ लाख की आबादी रहती है। इन वार्डों में पेयजलापूर्ति के लिए नगर पालिका की ओर से आठ ओवरहेड टैंकों और आधा दर्जन से अधिक नलकूपों का निर्माण कराया गया है। हर सीजन में एक बार गर्मी में ओवरहेड टैंकों की सफाई होनी चाहिए। साथ ही ब्लीचिंग का भी इस्तेमाल होना चाहिए। बारिश के मौसम का आगाज हो गया है लेकिन ओवरहेड टैंकों की सफाई नहीं की गई। आखिरी बार वर्ष 2023 में नगर में स्थित ओवरहेड टैंकों की सफाई कराई गई थी। मौजूदा समय में ओवरहेड टैंकों में सिल्ट और काई जम चुकी है। यही पानी नगरवासियों को पीने के लिए सप्लाई किया जाता है। इससे लोगों को बीमारियों का खतरा सता रहा है।