गाजीपुर। मकर संक्राति के मद्देनजर एडीएम दिनेश कुमार और एएसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने मंगलवार को गंगा घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि जल पुलिस की दो यूनिट इलेक्ट्रॉनिक बोट के साथ तैनात रहेगी। घाटों पर ड्रोन कैमरों और अस्थायी सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।
एएसपी सिटी ने बताया कि मकर संक्राति के अवसर पर गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। यहीं नहीं वह सुरक्षित स्नात कर सके। इसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई है। शहर के विभिन्न गंगा घाटों ददरीघाट, चीतनाथ घाट, कलक्टर घाट, नवापुरा घाट, पोस्ताघाट सहित अन्य घाटों पर पहुंचकर जायजा लिया गया है।
साथ ही स्नानार्थियों के सुरक्षित स्नान के लिए घाटों पर पहुंचकर मातहतों को निर्देशित किया गया है। वहीं भीड़ होने की संभावना के मद्देनजर सुरक्षा की व्यवस्था पुख्ता रखने के लिए भी निर्देश दिया गया है। एएसपी सिटी ने बताया कि जिले में जल पुलिस की दो यूनिट है। एक यूनिट शहर के ददरीघाट से चीतनाथ घाट के अलावा अन्य घाटों पर इलेक्ट्रानिक बोट से लगातार चक्रमण करती रहेगी। इसके अलावा जमानिया और करंडा के इलाके में भी दूसरी जल पुलिस
यूनिट इलेक्ट्रानिक बोट से चक्रमण करेगी। इसके अलावा पुलिस फोर्स की व्यापक तैनाती रहेगी, जिससे स्नानार्थियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, गोताखोरों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण व संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए प्रमुख घाटों पर ड्रोन कैमरों व अस्थायी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरीनी की जाएगी। प्रमुख घाटों पर समुचित प्रकाश की व्यवस्था की गई है।
मकर संक्रांति के मद्देनजर सुरक्षा की पूरी तैयारियां पूरी कर ली गई है। घाटों पर जल पुलिस, गोताखोरों की तैनाती की गई है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी होगी। - डाॅ. राकेश मिश्रा, एएसपी सिटी
-
सादे कपड़ों में तैनात रहेंगी महिला पुलिस, रूट डायवर्जन लागू
गाजीपुर। प्रमुख घाटों की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए शहरी क्षेत्र एवं विभिन्न कस्बों में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। सभी प्रमुख घाटों पर अपेक्षित स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए सादे कपड़ों में महिला पुलिस कर्मियों (एंटी रोमियो स्क्वाड) की तैनाती की गई है। घाटों पर अस्थाई चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई गई है।
-
पुलिस ने श्रद्धालुओं से की अपील:
0 नदी में निर्धारित बैरिकेडिंग के भीतर ही स्नान करें।
0 बच्चों का ध्यान रखें एवं बच्चों के साथ स्नान न करें।
0 किसी भी लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस बूथ/ ड्यूटीरत पुलिसकर्मी को दें।
0 अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
0 शासन/ प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनुपालन करें।