स्थानीय रघुवंश चौराहे पर मंगलवार को नगर पंचायत कर्मचारियों की ओर से खंभा लगाने के लिए जेसीबी से की जा रही खोदाई के दौरान जल निगम की पाइप लाइन टूट गई। इससे सड़क पर पानी भर गया और आवागमन ठप हो गया। कई दुकानदारों की दुकान के अंदर पानी भर गया। सूचना पाते ही सहायता के लिए पुलिस मौके पर पहुंच कर बचाव में लग गई।
जानकारी के अनुसार कर्मचारी विद्युत खंभे को लगाने के लिए जेसीबी से सड़क की खुदाई कर रहे थे कि जमीन के अंदर गई सादात बाजार की जल निगम की मेन पाइपलाइन ही टूट गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि चार-पांच फीट सडक़ की खुदाई हुई थी कि पाइपलाइन पर जेसीबी के दबाव से वह टूट गई। कर्मचारियों ने उसे ठीक करने का प्रयास किया लेकिन पानी पूरे वेग से ऊपर आ गया। आनन-फानन में कर्मचारियों ने जल निगम के मेन कार्यालय जाकर पानी की सप्लाई बंद किया लेकिन टंकी में भरा हजारों लीटर पानी कई घंटों तक बहता रहा। सड़क पर घुटने बराबर पानी भरने से आवागमन पूरी तरह से बाधित रहा। यह पानी चौराहा से मिर्जापुर और स्टेशन पर जाने वाली सड़क पर जमा हुआ था। दुकानदार सदानंद, दीनानाथ, दीपक, दुर्गा, अरविंद, रंजीत, धीरज और देवेंद्र की चाय-पान, मिठाई, अंडा, साइकिल की दुकानों के अंदर तक पानी भर गया। देर रात तक जलकल सुपरवाइजर विनोद कुमार चौरसिया, अनिल सोनकर और चंदू राजभर पाइप को ठीक करने में लगे हुए थे। चेयरमैन प्रतिनिधि राजनाथ यादव ने बताया की पानी रुकते ही पाइप को ठीक कर लिया जाएगा।