गाजीपुर। विद्युत मजदूर पंचायत की आपात बैठक मंगलवार को लालदरवाजा स्थित पावर हाउस परिसर में हुई। जनपद में विद्युत मेंटेनेंस का कार्य देख रहे भारत इंटरप्राइजेज जो बराबर अपनी कमियों को लेकर सुर्खियों में रहता है, उस पर चर्चा हुई। साथ ही सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही आठ जून को सब स्टेशनों को बंदकर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी।
संगठन के जिलाध्यक्ष अरविंद कुशवाहा ने कहा कि पिछले दिनों मरदह उपकेंद्र पर तैनात संविदा कर्मी विवेक राजभर ने सुपरवाइजर से सुरक्षा उपकरण की मांग की थी। इस पर नाराज होकर सुपरवाइजर ने संविदा कर्मी को धमकी दी। जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ संगठन बराबर आवाज उठाता रहेगा। जल्द ही संगठन का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलकर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराएगा। जिलामंत्री विजयशंकर राय ने कहा कि तीन माह का सभी संविदा कर्मियों का वेतन नहीं दिया गया है। ईपीएफ का भी कुछ अता-पता नहीं है। सुरक्षा उपकरण ने मिलने से कर्मियों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। अनुराग सिंह ने बताया कि अब वार्ता एवं आश्वासन से कार्य नहीं होगा, अब अंतिम निर्णय होगा। आठ जून को जिले के सभी सब स्टेशन को बंदकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।