गाजीपुर। वाराणसी खंड स्नातक/शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक के तहत जनपद के मतदान केंद्रों/स्थलों पर 23 अक्तूबर को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने के लिए जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा जोनल मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। उन्होंने निर्देश दिया कि इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने निर्देशित किया कि मतदान 23 अक्तूबर को सुबह 08.00 बजे से शाम 04.00 बजे तक होगा। सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट 22 अक्तूबर को सुबह 08.00 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में उपस्थित होकर अपनी मतदान पार्टियों के निर्वाचन सामग्री/मतपेटिका आदि के प्राप्ति के बाद सुबह 11.00 बजे से उन्हें मतदान स्थल के लिए रवानगी कराते हुए मतदेय स्थल पर पहुंचाना सुनिश्चित कराएंगे।
मतदान की तिथि 23 अक्तूबर को सुबह से ही जोनल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के तहत आने वाले मतदान केंद्रों/स्थलों पर भ्रमण करते रहेंगे। साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट अपने सेक्टर के मतदान स्थल पर उपस्थित रहकर निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व सकुशल सम्पन्न कराना सुनिश्चित करेंगे।
मतदान के बाद जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान पेटिका एवं अन्य अभिलेखों को जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा कराना सुनिश्चित करेंगे। सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी को कार्यमुक्त करेंगे। जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान तिथि को जिला निर्वाचन कार्यालय एवं अन्य उच्चाधिकारियों को आवश्यकतानुसार समय-समय पर मतदान संबंधित सूचनाओं से अवगत कराते रहेेंगे।
सभी जोनल/सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदान स्थल से 200 मीटर की परिधि के अंदर किसी प्रत्याशी द्वारा प्रचार-प्रसार के लिए कोई बैनर/पोस्टर/होर्डिंग/कटआउट एवं दीवार पर प्रचार संबंधित लेखन न किया गया हो। साथ ही आदर्श आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी।