विधान परिषद सदस्य के चुनाव के लिए शनिवार को मतदान कराया जाएगा। इस चुनाव में दो उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 3132 मतदाता मताधिकार का प्रयोग कर करेंगे। इसके लिए कुल सोलह मतदेय स्थल बनाए गए हैं। शुक्रवार को कार्मिक मतदान सामग्री संग संबंधित बूथों के लिए रवाना किए गए। अर्द्ध सैनिक बल के जवानों की निगरानी में होने वाले इस चुनाव की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
एमएलसी चुनाव के लिए मार्च माह के मध्य में नामांकन का कार्य कराया गया था। इस प्रक्रिया के संपन्न होने के बाद दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस चुनाव के लिए आज सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके लिए जिले के सभी सोलह विकासखंड मुख्यालयों पर मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान कराने के लिए शुक्रवार को दिन में विकास भवन से सभी मतदेय स्थलों के लिए कार्मिक मतदान सामग्री संग रवाना किए गए। चुनाव को निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मतदेय स्थलों के आसपास बैरीकेडिंग कराई गई है। सौ मीटर तक हर प्रकार का आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी केंद्रों पर मतदान की वेबकास्टिंग कराई जाएगी। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं पीएसी के साथ ही अर्द्ध सैनिक बल के जवान भी तैनात किए गए हैं। मतदान के बाद मतपेटी विकास भवन स्थित स्ट्रांगरूम में जमा की जाएगी। मतों की गणना विकास भवन के सभागार में कराई जाएगी। मतगणना बारह अप्रैल को सुबह आठ बजे से शुरू होगी। मरदह संवाददाता के अनुसार चुनाव को लेकर कासिमाबाद के एसडीएम कमलेश कुमार सिंह ने ब्लॉक मुख्यालय पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी यशवंत राव को चुनाव के बाबत आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि मतदान स्थल से दोनों तरफ दो सौ मीटर की परिधि तक किसी भी प्रकार की आवाजाही पर पूर्णतया रोक रहेगी। दोनों तरफ बैरियर लगाने का निर्देश दिया। खंड विकास अधिकारी ने बताया कि मतदान का कार्य ब्लाक सभागार में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा। सुरक्षा के लिहाज से स्थानीय पुलिस सहित पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है। इस मौके पर सीओ विजय आनंद शाही, एडीओ पंचायत नवीन कुमार सिंह, थानाध्यक्ष दुष्यंत सिंह, उप निरीक्षक मनोज मिश्र आदि मौजूद थे। विकासखंड के 63 ग्राम प्रधान, 93 क्षेत्र पंचायत सदस्य, तीन जिला पंचायत सदस्य मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सुहवल संवाददाता के अनुसार विधान परिषद के चुनाव के लिए मतदान कर्मी एवं सुरक्षा बल के जवान मतदान सामग्री के साथ ब्लाक मुख्यालय पर पहुंच गए। शुक्रवार की शाम एसडीएम राजेश चौरसिया, बीडीओ सुरेंद्र बहादुर राणा ने व्यवस्था का जायजा लिया। रेवतीपुर ब्लाक में कुल 136 मतदाता हैं।