गंगौली। डीएम अनुपम शुक्ला ने कासिमाबाद विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनबरसा में वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान के वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिए हैं। पंचायत का संचालन अब तीन सदस्यीय समिति द्वारा किया जाएगा। साथ ही संबंधित सचिवों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बीडीओ अनिल कुमार राय ने बताया कि ग्राम निवासी ओमप्रकाश यादव की शिकायत पर प्रारंभिक जांच कराई गई थी। जांच में ग्राम निधि के भुगतान में अनियमितता और शासनादेश के उल्लंघन के आरोप सामने आए। कई विकास कार्यों का सत्यापन कराया गया, जो गुणवत्ता के लिहाज से संतोषजनक पाए गए, लेकिन भुगतान प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितता मिली।
बीडीओ ने बताया कि जय मां दुर्गा ईंट उद्योग और एनके इंटरप्राइजेज को बड़े पैमाने पर भुगतान किया गया, जिनमें से एक फर्म प्रधान पति के भाई से संबंधित पाई गई।
प्रधान की ओर से बताया गया कि टेंडर प्रक्रिया के तहत न्यूनतम दर पर फर्मों का चयन किया गया था तथा संबंधित व्यक्ति अलग परिवार में रहते हैं। डीएम ने जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान के अधिकारों पर रोक लगाने का आदेश जारी किया। साथ ही मामले की अंतिम जांच शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।