गाजीपुर। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के बाद तीर्थयात्री घरों के तरफ रवाना हो रहे हैं। अचानक वाहनों का दबाव अधिक होने पर खानपुर और पातालगंगा के पास वाहनों की लंबी कतार लग गई। ऐसे में पुलिस ने वाहनों को सुचारू रूप से आवागमन शुरू कराया।
खानपुर: गाजीपुर वाराणसी मार्ग पर वाहनों की संख्या अधिक होने से वाराणसी सीमा में दोपहर एक बजे से करीब दो घंटे तक रजवाड़ी पुल से पुलिस ने सीमा में प्रवेश पर रोक लगा दिया। सिधौना के दोनों तरफ करीब 10 किलोमीटर का लंबा जाम लग गया। दो घंटे बाद दोनों जनपद की पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया।
मुहम्मदाबाद : गाजीपुर से मुहम्मदाबाद होते हुए उजियार भरौली से बक्सर बिहार को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर पातालगंगा के पास स्थित सकरी पुलिया के कारण जाम से लोग परेशान रहे। भरौली गोलंबर से बिहार के बक्सर तक की मात्र 20 किलोमीटर की दूरी तय करने में यात्रियों को छह घंटे का समय लग जा रहा है। करीब दो दशक पहले इस सड़क का दोहरीकरण तो किया गया लेकिन पातालगंगा के पास पुलिया का चौड़ी करण नहीं हुआ। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के खुलने के बाद से बक्सर की तरफ से भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से समस्या और गंभीर हो गई है।शादी विवाह के सीजन में बारातियों की गाड़ियों और मरीजों को ले जा रही एंबुलेंस को भी घंटो जाम में फंसना पड़ रहा है।