जमानिया कोतवाली क्षेत्र के पाण्डेयमोड पर चेकिंग करती पुलिस। संवाद
गाजीपुर। अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सोमवार को जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि जिले के सभी 27 थानों की पुलिस ने संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और बॉर्डर क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और दोपहिया व चारपहिया वाहनों की तलाशी ली गई। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ट्रिपल राइडिंग, दोपहिया वाहनों पर ब्लैक फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की विशेष जांच की गई। वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत अन्य कागजात भी जांचे गए। मुख्य चौराहों और मार्गों पर संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों से पूछताछ कर गतिविधियों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय वैध कागजात साथ रखने की अपील की।