शहर में महुआबाग से निकली एबीवीपी के संदेश यात्रा में शामिल छात्राएं। स्रोत- आयोजक
गाज़ीपुर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई की ओर से रानी लक्ष्मीबाई की 197वीं जयंती के अवसर पर बुधवार को वीरांगना संदेश यात्रा निकाली गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर यात्रा विभिन्न रास्तों से होते हुए पुनः बालिका इंटर कॉलेज में आकर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं के जय भवानी, जय लक्ष्मीबाई, भारत माता की जय, नारी शक्ति–राष्ट्र शक्ति जैसे नारों से मार्ग गूंजते रहे।
इस मौके पर विभाग संयोजक शिवांशु शुक्ला ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की प्रथम और अमर वीरांगनाओं में से एक हैं। उनका जीवन देशभक्ति, साहस, पराक्रम, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। आज के युवाओं को उनके जीवन से नारी सम्मान, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए। विद्यार्थी परिषद युवाओं में राष्ट्रवाद, सामाजिक चेतना और सकारात्मक नेतृत्व को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर नगर मंत्री वायु पाठक, नगर सहमंत्री काजल, विपुल, ईशान पॉल आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।