यूपीएसटीएफ ने बदमाश को मुंबई के थाणे जिले से अरेस्ट किया है। 2012 में हुई हत्या के एक मामले में वह फरार चल रहा था। सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।
UP Crime: गाजीपुर जिले के सैदपुर थाने में दर्ज हत्या के 13 साल पुराने मुकदमे में वांछित 50 हजार के इनामी बदमाश को एसटीएफ ने महाराष्ट्र के थाणे जिले के घुरसुंगी से गिरफ्तार किया है। बदमाश की पहचान गाजीपुर के सैदपुर थाने के डहरा कला निवासी प्रहलाद गोंड के रूप में हुई है। एसटीएफ की टीम ट्रांजिट रिमांड पर प्रहलाद को लेकर मंगलवार को सैदपुर थाने पहुंचेगी।
विज्ञापन
एसटीएफ की वाराणसी इकाई के एडिशनल एसपी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि लंबे समय से फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए डिप्टी एसपी शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में इंस्पेक्टर अमित श्रीवास्तव की टीम काम कर रही थी।
इसी क्रम में पता लगा कि गाजीपुर के सैदपुर थाने में वर्ष 2012 में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित बदमाश प्रहलाद गोंड महाराष्ट्र के थाणे जिले के घुरसुंगी में छिप कर रह रहा है। इस सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर शाहजादा खां के नेतृत्व में एक टीम घुरसुंगी रवाना की गई। एसटीएफ की टीम ने प्रहलाद को घुरसुंगी से गिरफ्तार किया और वहां की स्थानीय अदालत में ट्रांजिट रिमांड के लिए उसे पेश किया।