नेहरू स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय आमंत्रण प्राइज मनी पुरुष फुटबाल
प्रतियोगिता का फाइनल गुरुवार को जेएंडके बैंक और उत्तर प्रदेश एकादश के
बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में उत्तर प्रदेश एकादश ने 2-1 से जीत दर्ज
कर एक लाख रुपये की इनामी अखिल भारतीय प्रतियोगिता जीत ली।
मैच की
शुरुआत से ही उत्तर प्रदेश एकादश की टीम ने अच्छे खेल का प्रदर्शन किया।
मैच के बारहवें मिनट में ही टीम के तुषार चौधरी ने गोल कर टीू को बढ़त
दिला दी। पहले हाफ तक यूपी की टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ में जेएंडके
बैंक के तौफीक अहमद ने 58वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी पर ला दिया।
इसके बाद दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का परिचय दिया। खेल के 83वें मिनट
में उत्तर प्रदेश एकादश के अमित दुबे ने टीम के लिए निर्णायक गोल किया।
इससे पहले जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डा. उमेशचंद्र
श्रीवास्तव ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त किया। मैच के निर्णायक हाजी
मुनौव्वर, मनोज तिवारी और उपेंद्र शुक्ल रहे।
प्रतियोगिता के तीसरे स्थान
के लिए हुए मुकाबले में सीआरपीएफ जालंधर ने दिलचस्प मुकाबले में कम्बाइंड
हास्टल को 1-0 से पराजित कर दिया। पहले हाफ में दोनों टीमें गोल रहित
बराबरी पर रही। दूसरे हाफ में जालंधर के आरके यादव ने 50वें मिनट में टीम
के लिए निर्णायक गोल किया। मैच के निर्णायक घनश्याम सिंह, मुरली जायसवाल,
मेहरुद्दीन और महताब खां रहे। इससे पहले क्रीड़ाधिकारी दिव्या वर्मा और
क्षेत्राधिकारी कमलकिशोर ने खिलाडि़यों से परिचय प्राप्त किया।