यूपी बोर्ड की परीक्षा की शुरूआत में ही दूसरे की जगह बैठे चार फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जा चुके हैं। आगे से इस तरह की गड़बड़ी न हो इसके लिए जिला प्रशासन सतर्क है। संदिग्ध मोबाइल नंबरों को भी सर्विलांस पर लगाया गया है। पहले भी नकल के लिए जनपद चर्चित रहा है। यहां पहले व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर पर्चा लीक कराने तो कहीं पंचायत भवन में उत्तरपुस्तिका लिखने का मामला सामने आ चुका है। इस तरह कई विद्यालयों में सामूहिक नकल भी कराकर शिक्षा माफिया ने दाग लगाया है।
जनपद में इस बार 196 परीक्षा केंद्र बनाए गए। इसमें 27 विद्यालयों को अति संवेनशील और 61 संवेदनशील की श्रेणी मेें रखा गया है। पूर्व के वर्षों की घटनाओं को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। यह सतर्कता परीक्षा के पहले ही दिन दूसरे की जगह बैठे चार फर्जी परीक्षार्थियों के पकड़े जाने के बाद और बढ़ाई गई है। अभी गणित, विज्ञान, अंग्रेजी जैसे प्रमुख विषयों की परीक्षाएं होनी है। शिक्षा विभाग अधिकारियों के मुताबिक पूर्व के वर्षों में जनता इंटर कॉलेज तियरी जमानिया, बाबा धर्मदेव इंटर काॅलेज धुआर्जुन, राम मूरत मुन्ना आदर्श ग्रामीण इंटर काॅलेज तलवल, हकीम मेमोरियल इंटर काॅलेज गोराबाजार, डीएसवाई इंटर काॅलेज मीरा रेहटी, महंथ राम बरन दास इंटर काॅलेज तिरछी, जेएमडी इंटर काॅलेज रेहटी मालीपुर में फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए थे। ऐसे में इन विद्यालयों को तीन-तीन वर्ष के लिए डिबार कर दिया गया है।
परीक्षार्थियों से अपील है कि वह समय से पहले ही केंद्र पर पहुंचे और नियम का पालन करते हुए परीक्षा दें। फोटो, आधार कार्ड, प्रवेश पत्र की गहनता से जांच की जाएगी। इसके लिए पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं। कुछ मोबाइल नंबरों को भी सर्विलांस पर रखा गया है, जिसके आधार पर गड़बड़ी मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।-डाॅ. ईरज राजा, एसपी
-
कुछ चर्चित घटनाएं
20 फरवरी 2020-भुड़कुड़ा थाना के जयनाथ इंटर कॉलेज खेमपुर जखनिया में भौतिक विज्ञान का पेपर सॉल्वर से हल कराने के मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। जांच में यह बात सामने आया कि व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर इंटरमीडिएट के भौतिक विज्ञान विषय में साॅल्वरों के माध्यम से सामूहिक नकल कराया गया। इस कॉलेज को भी हमेशा के लिए डिबार कर दिया गया।
-
दो मार्च 2019 -मरदह थाना के मां देइया इंटर कॉलेज हरिकरनपुर बिजौरा में इंटरमीडिएट के अंग्रेजी का पेपर सॉल्वर से हल कराने के मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। जांच में यह बात सामने आया कि पैसा लेकर साॅल्वरों के माध्यम से सामूहिक नकल कराया गया था। हालांकि इस काॅलेज को भी आजीवन के लिए डिबार कर दिया गया है।
16 फरवरी 2019 -खानपुर थाना के आदर्श किसान इंटर कॉलेज दाऊदपुर मड़िहा में हाईस्कूल के गणित के पेपर में सामूहिक नकल के मामले में 15 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी। जांच में सामने आया कि पैसा लेकर उत्तर पुुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्र के बाहर लिखवाकर हाईस्कूल के गणित विषय में सामूहिक नकल कराया गया था। इस काॅलेज को भी हमेशा के लिए डिबार कर दिया गया है।