फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेकाबू कार ने ली पांच की जान

Thu, 21 May 2015 11:30 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, गाजीपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा के पास बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे शादी समारोह स्थल के पास खड़े लोगों को बेकाबू अल्टो कार टक्कर मारते हुए पलट गई। हादसे में कार सवार एक महिला, दुल्हन के पिता समेत कुल पांच लोगों की जान चली गई।
विज्ञापन


 जबकि छह गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने बलिया-गाजीपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। रात में किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर सुबह रौजा तिराहा, आलमपट्टी चौराहा और घटनास्थल पर भी चक्काजाम किया और टायर फूंके। डीएम ने मृतकों के घरवालों को आर्थिक मदद का आश्वासन दिया, इसके बाद लोग माने। मृतक विश्वनाथ के पुत्र सत्येंद्र कुशवाहा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चालक  के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। 


शहर से सटे शेखपुरा मुहल्ला निवासी विश्वनाथ कुशवाहा की पुत्री मुनिता कुशवाहा की शादी खालिसपुर निवासी पारसनाथ कुशवाहा के पुत्र सुनील कुशवाहा से तय थी। गुरुवार रात बारात यहां पहुंची। रात में भोजन करने के बाद पासपड़ोस के लोग सड़क किनारे इधर-उधर टहल रहे थे। इसी बीच रात करीब साढ़े 11 बजे मुहम्मदाबाद की तरफ जा रही तेज रफ्तार अल्टो कार कई लोगों को टक्कर मारते हुए पलट गई।
विज्ञापन


हादसे में लड़की के पिता शेखपुरा निवासी विश्वनाथ कुशवाहा (60 वर्ष), श्रवण कुशवाहा (35 वर्ष), बिंदवलिया डिहवा निवासी निशांत (16 वर्ष) और कार में सवार मुहम्मदाबाद चौक निवासी प्रेमलता वर्मा (60 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि बिंदवलिया डिहवा निवासी भरत कुशवाहा (24 वर्ष) ने उपचार के दौरान वाराणसी में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों में बिंदवलिया निवासी कृष्णा (16 वर्ष), सत्येंद्र चौबे (25 वर्ष), पंकज (16 वर्ष), खालिसपुर निवासी श्यामसुंदर (30 वर्ष), मुहम्मदाबाद चौक निवासी वरुण चित्रांश (27 वर्ष), यहीं के विजय कुमार श्रीवास्तव हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


उधर सुबह ब्रेकर और मुआवजे के लिए लोगों ने रौजा तिराहा, आलमपट्टी चौराहा और घटनास्थल पर चक्का जाम कर दिया। रौजा तिराहा पर चार पहिया वाहन के दो टायरों को फूंक दिया। जानकारी मिलते ही सदर एसडीएम एके सिंह, एडीएम मुरलीधर मिश्र, सदर सीओ कमलकिशोर मौके पर पहुंच गए और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पर लोग नहीं माने।

सुबह करीब 9 बजे डीएम नरेंद्र सिंह पटेल, एसपी वैभव कृष्ण, पंचायत राज मंत्री कैलाश यादव के प्रतिनिधि विरेंद्र सिंह, सपा जिलाध्यक्ष राजेश कुशवाहा मौके पर पहुंच गए। डीएम ने मृतक के परिवार वालों को शासन से मिलने वाली सभी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने जाम समाप्त किया।

लोगों की नाराजगी देखकर सहमे रहे दूकानदार
शादी समारोह के दौरान शहर के शेखपुर मुहल्ले में बेकाबू कार की टक्कर से पांच की मौत के बाद मुहल्ले के लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर चढ़ गया। मृतक के परिवार वालों को मुआवजा और सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर लोगों ने रौजा त्रिमुहानी, आलमपट्टी और घटनास्थल के पास चक्काजाम कर दिया।

इस दौरान सबसे ज्यादा अफरा-तफरी की रौजा तिराहे पर रही। यहां मौजूद लोग छोटे वाहनों को भी नहीं निकलने दे रहे थे। ऐसे में वहां माहौल उस समय खराब हो गया, जब युवकों ने बीच सड़क पर दो टायर फूंक दिए। हंगामें की आशंका से आसपास के लोगों ने अपनी दूकानें बंद रखी थी। जाम समाप्त करवाने के बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने दूकानदारों से दूकान खोलने की बात कही। करीब दो घंटे तक अशांति का माहौल बना रहा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें