सादात/शादियाबाद। शादियाबाद थानाक्षेत्र के खुटहीं गांव के दो युवकों की सोमवार की रात आजमगढ़ जिले के तरवा थानाक्षेत्र के फद्दूपुर गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजन मंगलवार को दोनों के शव लेकर घर पहुंचे। सूचना पर पहुंची शादियाबाद पुलिस कार्रवाई में जुट गई।
खुटहीं गांव निवासी दिलीप कन्नौजिया (25) और संदीप गुप्ता (22) सोमवार को दोपहर बाद घर से कहीं जाने के लिए निकले थे। संदीप ने गांव के एक व्यक्ति से यह कहकर बाइक मांगी थी कि वह मनिहारी जा रहे हैं।
वहां से वापस आने के बाद बाइक वापस कर देंगे। मगर, दोनों युवक कैसे फद्दूपुर चले गए, इसकी जानकारी वहां किसी को नहीं थी। देर रात परिजनों को सूचना मिली कि दोनों युवक फद्दूपुर में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
आसपास के लोगों की मदद से उन्हें आजमगढ़ पीजीआई ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने संदीप गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि दिलीप को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। जानकारी मिलते ही खुटहीं गांव में मातम पसर गया।
परिजन दोनों युवकों के शव लेकर घर आ गए। परिजनों के रोने-बिलखने से दरवाजे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे थे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शादियाबाद थाना प्रभारी आनंद गुप्ता ने बताया कि दोनों युवकों के शवों काे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोई तहरीर मिलती है तो आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।