सुहवल। ताड़ीघाट- बारा नेशनल हाईवे पर मंगलवार को राज्यकर विभाग की टीम ने कर चोरी के खिलाफ सघन अभियान चलाया, जिससे परिवहन कारोबारियों में खलबली मची हुई है। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई के चलते कई लोडेड कमर्शियल वाहन रास्ता बदलते नजर आए। कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सुभाषचंद्रा के नेतृत्व में टीम ने हाईवे से गुजर रहे मालवाहक वाहनों की जांच की।
इसी दौरान गाजीपुर की ओर से ईंट लदे आ रहे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर भाग गए। हालांकि टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। जांच के दौरान चालकों द्वारा कोई दस्तावेज नहीं दिखाया गया। राज्यकर विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर सुभाष चंद्र ने बताया कि दोनों ट्रैक्टर- ट्रॉलियों को सीज कर दिया गया और वाहन पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया है। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि राज्य कर टीम ने कागजात के अभाव में दोनों ईंट लदे ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़कर सीज किया गया है।