सुहवल। थाना क्षेत्र के डुहियां गांव में मंगलवार की देर शाम दो पक्षों में कहासुनी होने के साथ मारपीट और ईंट-पत्थर चलने से अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर होने पर महिला समेत दो को वाराणसी रेफर कर दिया। दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
डुहियां निवासी ममता और प्रिया एक-दूसरे की पड़ोसी हैं। दोनों में भूत-प्रेत करने का आरोप लगाया और मामला देखते ही देखते काफी तूल पकड़ लिया। दोनों में कहासुनी होने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। साथ ही ईंट-पत्थर भी चलने लगे। इससे वहां भगदड़ जैसा माहौल कायम हो गया। काफी देर तक अराजकता की स्थिति बनी रही। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची, तब जाकर मामला शांत हुआ। उधर मारपीट में घायल ममता, सीता, धनंजय, जयप्रकाश, मुकेश, राकेश, मोहन सिंह, प्रिया यादव, प्रीति यादव, चांदमुनी और राहुल का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। जबकि गंभीर रूप से घायल एक महिला सहित दो लोगों को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार पाल ने बताया कि दोनों पक्षों के द्वारा दिए गए तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपियों को दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।