कोरोना जैसे वैश्विक संक्रमण के चलते लगभग एक साल से खेल के मैदान से दूर रहने वाली भारतीय हाकी टीम अपने यूरोपियन दौरे के दौरान जर्मनी की धरती पर कदम रखेगी। इस दौरान उसकी भिड़ंत जर्मनी और ग्रेट ब्रिटेन की दिग्गज टीमों से होगी। खास बात यह है कि जर्मनी के लिए जाने वाली भारतीय टीम में गाजीपुर जनपद के दो खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
इसमें ललित कुमार उपाध्याय जो कि भारतीय टीम के जाने माने डिफेंडर हैं। ललित ने करमपुर के मेघबरन स्टेडियम में हाकी का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। साथ ही वे मेघबरन महाविद्यालय करमपुर के छात्र भी रहे हैं। वहीं भारतीय टीम का जरूरी हिस्सा बन चुके मिडफील्डर राजकुमार पाल करमपुर के निवासी हैं।
साथ ही करमपुर के मेघबरन स्टेडियम की हाकी प्रशिक्षण उनके रगों में रचा बसा है। लाकडाउन के बाद होने जा रहे पहले अंतरराष्ट्रीय दौरे में मेघबरन स्टेडियम के दो खिलाड़ियों की मौजूदगी से करमपुर और पूरे क्षेत्र के खेल प्रेमियों में हर्ष छा गया है।मेघबरन स्टेडियम के अध्यक्ष ठाकुर तेजबहादुर सिंह ने अपने दोनों खिलाड़ियों के साथ ही पूरी भारतीय टीम की बधाई दी है।