अमर उजाला ब्यूरो
गाजीपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत दो स्थानों पर बुधवार की रात चोर ताला चटकाकर नकद, जेवरात समेत लाखों का सामान उड़ा ले गए। इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के कालीधाम कॉलोनी निवासी एवं राजस्व विभाग में कानूनगो विजय श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ मंगलवार को एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने सोनभद्र गए थे। बुधवार की रात चोर उनके मकान के गेट का ताला तोड़कर भीतर घुस गए।
कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर हजारों रुपया नगद, हजारों के जेवरात के साथ ही दो सिलेंडर, लैपटाप और कीमती कपड़ों से भरी अटैची चुरा ले गए। सुबह ग्रामीणों ने खेत में दो अटैैची पड़ी देखी। लोगों को पता चला कि विजय श्रीवास्तव के घर का ताला तोड़कर चोरी हुई है।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना कानूनगो को दी। इसके बाद श्रीवास्तव की सूचना पर तुलसीसागर स्थित उनके एक रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक लल्लन राय और एसएसआई राजेश त्रिपाठी मौके पर पहुंचे।
कुछ देर बाद फारेंसिक टीम भी वहां पहुंचकर जांच की। चोरी की दूसरी घटना इसी क्षेत्र के मारकंडेय धाम कालोनी में हुई। चोर गोपी यादव के मकान का ताला तोड़कर 40 हजार रुपये नगद, 30 हजार के जेवरात तथा 2 सिलेंडर उठा ले गए। इस मकान में गोपी का पुत्र सौरभ रहकर पढ़ाई करता है।
बुधवार की शाम वह मकान बंद कर अपने गांव मधुबन चला गया था। सुबह जब आया तो देखा कि फाटक खुला है और सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरी की जानकारी होने पर उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।