जिला अस्पताल की निगरानी के लिए करीब 200 सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसकी खरीदारी को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से कार्रवाई तेज कर दी गई है। जून माह के अंत तक आपातकक्ष, वार्डों एवं ओपीडी सभागार इससे जहां लैस हो जाएंगे। वहीं दलालों एवं डॉक्टरों द्वारा मरीजों को बाहर की लिखी जा रही दवाइयों पर अंकुश लग सकेगा।
जिला अस्पताल में जहां जांच की अत्याधुनिक सुविधाएं बढ़ाई जा रही है। वहीं ओपीडी, आपात कालीन एवं वार्डों के बेहतर संचालन, साफ-सफाई एवं मरीजों को सुविधा प्रदान करने के लिए ठोस कदम भी उठाए जा रहे हैं। ऐसे में ओपीडी कक्ष और आपात कालीन कक्ष में पहुंचने वाले मरीजों को दलालों के कहासुनी एवं बाहरी दवाओं की शिकायत को दूर करने के लिए शासन के निर्देश पर ओपीडी कक्ष, सभागार, वार्ड, आपातकालीन कक्ष एवं दवा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा लगाकर निगरानी करने की तैयारी तेज कर दी गई है। अस्पताल प्रशासन की ओर से करीब 200 सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिसके खरीदारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही रिकार्ड को सुरक्षित रखने के लिए भी कवायद तेज कर दी गई है। ऐसे में यहां आने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस संबंध में राजकीय मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य प्रोफेसर डा. आनंद मिश्रा ने बताया कि करीब 200 कैमरे जिला अस्पताल में लगेंगे। खरीदारी की प्रक्रिया चल रही है। जून माह के अंत तक अस्पताल सीसीटीवी कैमरे से लैस हो जाएगा।