गाजीपुर। जिले में सोमवार की देर रात 11 बजे से मंगलवार की भोर तीन बजे तक पुलिस की दो जगहों पर मुठभेड़ हुई। पहली मुठभेड़ में बेलसड़ी गोलीकांड और दूसरे में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे पर फायरिंग व अपहरण के प्रयास जैसे गंभीर मामलों के दो वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
करंडा में सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि नंदगंज थाना क्षेत्र के बरहपुर गांव निवासी कुंदन सिंह उर्फ विशाल का बेलसड़ी स्थित ससुराल में विवाह विच्छेद को लेकर विवाद चल रहा था। 14 अगस्त की रात वह अपने परिचित अनिल बिंद के यहां पहुंचा। इसी दौरान विवाद होने पर कुंदन ने तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग में उसका साला आर्यन यादव छर्रा लगने से घायल हो गया, जबकि ससुर बृजेश यादव भी घायल हुए। मामले में बृजेश यादव की पत्नी लाली यादव की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी।
सीओ सिटी ने बताया कि करंडा और नंदगंज पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी नंदगंज थाना के बरहपुर निवासी कुंदन सिंह उर्फ विशाल की तलाश में थी। सरौली हरिजन बस्ती के कच्चे रास्ते पर आरोपी दिखाई दिया। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि पूछताछ के साथ ही विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दुबिहा में मुहम्मदाबाद सीओ सुधाकर पांडेय ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक राजनारायण टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। मुखबिर की सूचना नेवादा गांव के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान आरोपी रामानंद का पूरा गांव निवासी विशाल यादव ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से भाग गया। उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा और एक कारतूस बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि 15 अगस्त को पातेपुर गांव निवासी रोहित सिंह अपने साथी आदित्य चौहान के साथ ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर फोटो शूट कर रहा था। इसी दौरान बाइक से पहुंचे हमलावरों ने फायरिंग करते हुए उसे दौड़ा लिया था। इसमें रोहित सिंह फिसल कर सड़क के किनारे खेत में गिर पड़ा था। उसे हमलावर पकड़ कर मिश्रपुरा गांव के पानी टंकी में ले गए और मारपीट कर छोड़ दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त विशाल यादव मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया।
कुंदन पर दर्ज हैं आठ प्राथमिकी
करंडा। सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार कुंदन सिंह उर्फ विशाल पर संगीन धाराओं में आठ प्राथमिकी दर्ज है। करंडा में दो और नंदगंज थाने में छह प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस शातिर बदमाश की कई दिनों से तलाश कर रही थी। सीओ सिटी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ करंडा और नंदगंज थानों में 2016 से अब तक कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
अब तक हुई मुठभेड़ का विवरण.......
16 मई : सैदपुर पुलिस ने हत्यारोपी रास बिहारी और हरेंद्र को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था।
3 जून: स्वाट व करंडा पुलिस टीम ने होटल कारोबारी के पुत्र की हत्या के आरोपी और एक लाख के इनामी कमलेश चौधरी को मुठभेड़ में मार गिरा था।
17 जून : मरदह पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दुष्कर्म के आरोपी संतोष यादव को किया गिरफ्तार।
28 जून : बिरनो पुलिस ने मुठभेड़ में पशु तस्कर सेराज खान को किया गिरफ्तार।
29 जून : नंदगंज पुलिस ने शातिर अपराधी मुख्तार खान को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार।
1 जुलाई: गहमर कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ में अंतरराज्यीय असलहा तस्कर सौरभ सिंह और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया था।
2 जुलाई : सैदपुर पुलिस ने हत्यारोपी नगीना बनवासी को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार। दाहिने पैर में गोली लगने से हुआ था घायल।
19 जुलाई : मरदह पुलिस ने एक पशु तस्कर जावेद आलम को मुठभेड़ में किया गिरफ्तार।
28 जुलाई : कासिमाबाद व नोनहरा की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में पशु तस्कर इमरान उर्फ भोंदू को किया गिरफ्तार।
1 अगस्त : दुकानदार पर तमंचा से वारकर 60 हजार रुपये, एक सोने की चेन लूटने और कटरा गैंग का सदस्य बताकर 20 हजार रंगदारी मांगने के आरोपी हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव और समीम शाह को पुलिस ने मुठभेड़ में किया गिरफ्तार।
10 अगस्त : अपहरणकर्ता और 25 हजार के इनामी विजयी को मुहम्मदाबाद व नोनहरा की संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ में किया था गिरफ्तार।
12 अगस्त : नाबालिग के अपहरणकर्ता 50 हजार के इनामी संजय बिंद उर्फ बुझारत को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया था।