सातवें एवं अंतिम चरण के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। नामांकन के पहले दिन जिले की सात विस सीटों में से दो सदर और सैदपुर विधानसभा सीट के लिए दो उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया। सदर विधानसभा से लोकदल प्रत्याशी सत्यदेव यादव एवं सैदपुर से भाजपा के उम्मीदवार विद्यासागर सोनकर ने एक-एक सेट में रिटर्निंग अधिकारी के सामने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कलेक्ट्रेट के आसपास काफी गहमा-गहमी रही। इस दौरान पूरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में अधिकारी और कर्मचारी डटे रहे।
सातवें एवं अंतिम चरण में होने वाले चुनाव का मतदान आठ मार्च को कराया जाएगा। इस निर्वाचन की अधिसूचना आज जारी की गई है। कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न न्यायालयों में नामांकन कक्ष बनाए गए हैं। नामांकन का कार्य दिन में 11 बजे से शुरू होगा। निर्धारित अवधि समाप्त होने से पहले आज पहले दिन दो प्रत्याशियों की तरफ से नामांकन दाखिल किया। उपजिलाधिकारी सदर के न्यायालय कक्ष में (375) सदर विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी उप जिलाधिकारी सदर विजयशंकर तिवारी के सामने लोकदल प्रत्याशी सत्यदेव यादव की तरफ से एक सेट में अपना पर्चा दाखिल किया गया। उधर (374) सैदपुर (अजा) के नामांकन स्थल जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में आरओ एसडीएम सैदपुर के सामने भाजपा के सैदपुर विस के उम्मीदवार विद्यासागर सोनकर ने अपना नामांकन किया। आज विभिन्न उम्मीदवारों की तरफ से 15 नाम-निर्देशन पत्र लिए गए। इसमें जंगीपुर एवं जखनिया विधानसभा सीट के लिए 3-3, जहूराबाद के लिए पांच तथा मुहम्मदाबाद विस सीट के लिए चार नाम-निर्देशन पत्र लिए गए। नामांकन के लिए कलेक्ट्रेट एवं उसके आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मुस्तैद रहे। नामांकन के दौरान काफी गहमा-गहमी रही।