लाकडाउन के बाद सील शहर का बरबरहना मार्ग।
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। जिले में रविवार को 25 संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग की गई। जिले भर से अब तक कुल 474 संदिग्धों के सैंपल भेजे गए थे, जिसमें से अभी 95 लोगों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिले में कुल छह मरीजों के मिलने के बाद से प्रशासन हलाकान था। पांच मरीज ठीक हो गए जबकि एक महिला मरीज का इलाज चल रहा है। हालांकि इधर भेजे गए सैंपलों के रिपोर्ट लगातार निगेटिव आ रही है जिससे राहत है।
गाजीपुर में मिले कोरोना वायरस से संक्रमित एक महिला सहित सभी छह मरीज जमाती तथा जमातियों से मिलने जुलने वाले ही रहे हैं। इसके बाद प्रशासन इन सभी के परिजनों तथा मिलने जुलने वालों की जानकारी जुटाने लगा। इसके बाद इसमें संदिग्ध मिल रहे लोगों की सैंपलिंग की जा रही है। सैंपलिंग के बाद सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. जीसी मौर्या ने बताया कि अभी जमातियों से जुड़े लोगों या किसी भी प्रकार से संदिग्ध लोगों की सैंपलिंग की जा रही है। लोगों को संयम बरतते हुए लॉकडाउन का पालन करना चाहिए।