नेहरु युवा केंद्र की ओर से विभिन्न वेष भूषा में निकाली गयी मतदाता जागरुकता रैली।
नेहरू युवा केंद्र की ओर से सोमवार को राष्ट्रीय एकता और मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में देश के 20 प्रांतों से युवाओं ने भाग लिया और अपने परंपरागत वेश-भूषा और वाद्य यंत्रों को बजाते हुए ‘जगे देश की क्या पहचान, शत-प्रतिशत हो मतदान...’ आदि नारे लगा रहे थे। रैली के आकर्षण को देख सड़कों पर भीड़ लग जा रही थी।
रैली को संबोधित करते हुए सीडीओ ने कहा कि भारत युवा आबादी का सबसे बड़ा देश है। युवा शक्ति ने जब-जब अंगड़ाई ली, तब-तब परिवर्तन की बयार बही है। आतंकवाद से निपटना आज के युवा शक्ति के लिए चुनौती है। हिंदुस्तान के सभी दिशाओं से आए हुए नौजवानों ने राष्ट्रीय एकता के प्रति जो अखंड मशाल की ज्योति जलाई है, वह किसी भी सूरत में बुझनी नहीं चाहिए।
युवाओं को इसी सोच के साथ संकल्प लेने की जरूरत है। सीडीओ ने मतदान के प्रति कम होते रुझान एवं कम प्रतिशत को लोकतंत्र के उन्नयन के लिए खतरनाक घंटी का संकेत मानते हुए युवाओं का आह्वान किया। कहा कि वे मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करें। साथ ही वोट देना अपना नैतिक कर्तव्य भी समझें। रैली माधव सरस्वती विद्या मंदिर प्रकाशनगर, जिलाधिकारी आवास, शास्त्रीनगर, कचहरी होते हुए राइफल क्लव पहुंची।
राइफल क्लब में जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने रैली का स्वागत किया और सभी युवाओं से व्यक्तिगत परिचय के साथ प्रधानमंत्री के गृह जिले मेहसाना से आए युवाओं से गुजराती में हाल-चाल पूछा। इसके पश्चात रैली कारगिल विजय स्तंभ पर पहुंच कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए शहीदों के जयकारे के साथ उनकी याद में करुण गीत का आगाज किया। इस दौरान नेहरू युवा केंद्र के उप निदेशक डा. ज्योत्सना, एचसी चौधरी, श्रीदेव वर्मा, अंगद सिंह यादव, रंजीत, सुधीर कुमार वर्मा, रामाधार यादव, अमरनाथ यादव, पारस, राकेश, संजय आदि रहे।