निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को फोटोयुक्त वोटर स्लिप का वितरण कराया जाएगा। वोटर स्लिप के पीछे मतदेय स्थल का नजरी नक्शा भी मुद्रित होगा। फोटो वोटर स्लिप मतदान की तिथि से कम से कम पांच दिन पहले तक बीएलओ के माध्यम से संबंधित मतदाताओं में वितरित कराया जाएगा।मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के दृष्टिकोण से आयोग की तरफ से वोटिंग कंपार्टमेंट की ऊंचाई 23 इंच से बढ़ाकर 30 इंच की गई है, जो 30 इंच ऊंचे टेबल पर रखे जाएंगे।
विधानसभा का चुनाव जिले में सातवें एवं अंतिम चरण में कराया जाएगा। आठ मार्च को जिले की सात विधानसभा सीटों के लिए होेने वाले चुनाव की तैयारी जोरशोर से चल रही है। आगामी चुनाव में आयोग की तरफ से मतदाताओं को अपने मतदेय स्थल एवं क्रमांक आदि जहां वह पंजीकृत हैं की जानकारी दिए जाने के लिए फोटोयुक्त वोटर स्लिप का वितरण कराया जाएगा।
फोटो वोटर स्लिप की उपयोगिता को बढ़ाए जाने के दृष्टिगत इसके आकार, प्रकार में बढ़ोतरी करते हुए वोटर स्लिप के पीछे मतदेय स्थल का नजरी नक्शा भी मुद्रित होगा। यही नहीं इस चुनाव में प्रत्येक परिवार के मुखिया को वोटर गाइड बाउचर (स्थानीय भाषा में) में उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें मतदान की तिथि एवं समय, बीएलओ का संपर्क विवरण, महत्वपूर्ण वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर, मतदेय स्थलों पर अपनी पहचान सिद्ध करने के लिए वांछित अभिलेख, मतदाताओं के लिए क्या करें और क्या न करें संबंधी विवरण का उल्लेख होगा। यह वोटर गाइड बाउचर, फोटो वोटर स्लिप के साथ-साथ बीएलओ की तरफ से वितरित किए जाएंगे।