सेवराई। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया मोड़ के पास शनिवार की दोपहर करीब एक बजे तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौत हो गई जबकि पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया है। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
करहिया गांव निवासी राजकुमार उपाध्याय (55) अपने पुत्र धीरज उपाध्याय (20) एवं गांव के ही मिंटू उपाध्याय (45) के साथ सुबह अपनी कार से से सामान खरीदने के लिए भदौरा बाजार आए थे। वहां से खरीदारी करके दोपहर घर वापस लौट रहे थे। करीब दोपहर एक बजे कार बकैनिया मोड़ स्थित यूनियन बैंक के पास पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने वाहन में टक्कर मार दिया। हादसे के बाद ग्रामीण घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। चालक ट्रक छोड़ फरार हो गया। लोगों ने उनके परिजनों और पुलिस को सूचना दी। घायलों को उपचार के लिए भदौरा सीएचसी लाया गया। हास्पिटल में राजकुमार उपाध्याय को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि धीरज की स्थिति नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन ने बताया कि वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।