गाजीपुर। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर जिले की ग्राम पंचायतों में फहरने वाले तिरंगे से महिला स्वावलंबन और देशभक्ति का रंग चटख होगा। एनआरएलएम (राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन) से संबंद्ध समूहों की ओर से 4.41 लाख झंडों का निर्माण कार्य चल रहा है। तिरंगे का वितरण ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है।
जिले में 1238 ग्राम पंचायतें हैं। शासन की ओर से निर्णय लिया गया है कि ग्राम पंचायतों में महिला समूहों की ओर से बनाए गए तिरंगे स्वतंत्रता दिवस पर फहरेंगे। एनआरएलएम से जुड़े 67 समूहों की ओर से तिरंगे का निर्माण हो रहा है। इन समूहों से 300 महिलाएं जुड़ी हैं। समूहों के जरिए तिरंगा बनवाने का सबसे बड़ा लाभ समूह की महिला सदस्यों और उनके परिवारों को मिलेगा। महिलाओं को तिरंगा बनाने का कार्य सौंपकर उन्हें कुटीर उद्योग से जोड़ा गया है। महिला सशक्तिकरण को बल देने की नीति के तहत शासन की ओर से ऐसा निर्णय लिया गया है। एक झंडे की कीमत 20 रुपये तय किया गया है। इनका भुगतान पंचायत राज विभाग के मुख्यालय की ओर से सीधे समूह के खातों में किया जाएगा।
1.60 लाख हजार झंडों का हो चुका वितरण
विकास भवन स्थित एनआरएलएम कार्यालय से तिरंगे झंडे का वितरण संबंधित ग्राम पंचायतों को किया जा रहा है। तिरंगे झंडे के वितरण का कार्य बीते रविवार से चल रहा है। अब तक 1.60 लाख तिरंगे झंडे के वितरण का कार्य हो चुका है। वहीं निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 60 प्रतिशत तिरंगे झंडे के बनाने का कार्य समूहों की ओर से पूरा कर दिया गया है। शेष कार्य भी एक-दो दिनों के अंदर पूरा होने का दावा किया जा रहा है।
महिला समूहों की ओर से तिरंगा झंडा बनाया जा रहा है। अब तक 60 प्रतिशत से अधिक झंडे का निर्माण पूरा हो चुका है। बीडीओ के माध्यम से ग्राम पंचायतों में तिरंगे का वितरण हो रहा है। अब तक 1.60 लाख तिरंगे झंडे का वितरण हो चुका है। - देवनंदन दुबे, प्रभारी स्वत: रोजगार