महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराध के मामलों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस लाइंस सभागार में साइबर जागरूकता एवं ओसीडब्ल्यूसी (ऑनलाइन क्राइम्स अगेंस्ट वीमेन एंड चिल्ड्रेन) विषयक कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में जिले के सभी थानों से आए पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच और पीड़ितों की सहायता के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि कार्यशाला में साइबर सेल के प्रभारी एवं टीम ने पुलिसकर्मियों को साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण और मामलों के पेशेवर तरीके से निस्तारण की जानकारी दी गई।
साथ ही महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले ऑनलाइन उत्पीड़न, साइबर ठगी और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कार्यशाला में बताया गया कि ओसीडब्ल्यूसी अभियान गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा संचालित राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को डिजिटल माध्यमों पर सुरक्षित रखना तथा पुलिसकर्मियों की क्षमता का विकास करना है।
पुलिसकर्मियों को नागरिकों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही साइबर ठगी या ऑनलाइन उत्पीड़न की किसी भी घटना की तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए लोगों को प्रेरित करने पर भी जोर दिया गया।