थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास बृहस्पतिवार को मिट्टी लदे ट्रैक्टर ट्राली के अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलटने से चालक की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम तीन बजे से वाराणसी गाजीपुर मार्ग जाम कर दिया और गांव की ओर जा रहे लिंक मार्ग की ऊंचाई कम करने की मांग की। सूचना पर पहुंचे सैदपुर तहसील के नायब और पुलिस ने समझा- बुझाकर जाम समाप्त कराया। एक घंटे बाद शाम चार बजे जाम समाप्त हुआ। तब जाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटना गांव निवासी चालक विवेक यादव (26) ट्रैक्टर-ट्राली पर मिट्टी लादकर कहीं जा रहा था। गोपालपुर लिंक मार्ग से मिट्टी लदा ट्रैक्टर - ट्राली लेकर गाजीपुर- वाराणसी मार्ग पर चढ़ा रहा था। इसी दौरान कोई और वाहन भी गुजर रहा था। ऐसे में ट्रैक्टर -ट्राली अनियंत्रित होकर पीछे आने लगा और सड़क के नीचे 20 फीट गड्ढे भरे पानी में जा पलटा। हादसे में घायल चालक की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने और ऊंचाई कम करने की मांग लेकर शाम तीन बजे वाराणसी गाजीपुर मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंचे नायाब तहसीलदार सैदपुर राहुल सिंह ने हाइवे निर्माण में लगी कार्यदायी संस्था द्वारा संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर शाम चार बजे जाम समाप्त हुआ। परिवारीजनों के रोने बिलखने से गांव में मातम पसर गया। थानाध्यक्ष घनानंद त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।