गाजीपुर जनपद के स्वामी सहजानंद महाविद्यालय के तीन खिलाड़ियों का चयन खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम के लिए हुआ है। कॉलेज के तीनों छात्र राष्ट्रीय स्तर पर वेटलिफ्टिंग में टॉप छह में जगह बनाने में सफल रहे हैं। आगामी 23 अप्रैल से 3 मई तक बैंगलोर में आयोजित होने वाली खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम में चयन होने के बाद सरकार द्वारा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के खर्च का उठाया जाएगा।
महाविद्यालय की दो महिला और एक पुरुष वेटलिफ्टर्स का चयन होने पर अध्यापक, कर्मचारी एवं छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके चयन पर प्राचार्य डॉ. वीके राय ने कहा कि खेलो इंडिया में उन्हीं खिलाड़ियों को जाने का मौका मिलता है जो खिलाड़ी ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में टॉप छह में रहते हैं। इसके लिए उन्होंने खेल प्रशिक्षक संजय कुमार राय को भी सराहा। चयनित खिलाड़ियों में बीए प्रथम वर्ष की कल्पना यादव, एमए प्रथम वर्ष की श्वेता पुंडीर, बीए प्रथम वर्ष के आकाश शामिल हैं। खेल प्रशिक्षक संजय राय ने बताया कि टीम 21 अप्रैल को विश्वविद्यालय से टीम बैंगलोर के लिए रवाना होगी।