सुहवल थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार देर शाम छोटे भाई के साथ दुकान पर सामान लेने जा रही किशोरी के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। परिजनों की तहरीर पर देर रात मुकदमा दर्जकर पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए रातभर दबिश देती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली।
गांव की किशोरी छोटे भाई के साथ देर शाम अपने घर से दुकान पर सामान लेने जा रही थी। घर से कुछ दूरी पर सुनसान जगह गांव के ही पांच मनबढ़ युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। यह देख किशोरी ने रास्ते से हटने को कहा। इसी बीच मनबढ़ युवक उसके साथ अश्लील हरकत करने लगे। यह देख भाई बहन को छुड़ाने का प्रयास करने लगा। शोर मचाने पर आरोपी किशोरी के साथ मारपीट करने के साथ वाहन पर जबरदस्ती बैठाकर लेकर फरार हो गए। यह देख किशोरी का भाई रोते बिलखते और शोर मचाते घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़ित परिवार के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी, लेकिन अपहर्ताओं का पता नहीं चल सका। पीड़िता के पिता ने गांव के ही पांच युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक तारावती ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।