सादात/दुबिहां। जिले के दो थाना क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं, घटना की जानकारी होने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पहली घटना सैदपुर थाना क्षेत्र के औड़िहार गोरखपुर रेल लाइन पर कनेरी गांव के पास हुई। सादात थाना क्षेत्र अंतर्गत शिकारपुर गांव निवासी प्रमिला देवी (47) रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गईं। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। महिला के पति लखेन्दर पंजाब में मजदूरी करता है। परिजनों ने उसे घटना की सूचना दी। मृतका अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गई है। मृतका के पुत्र राहुल की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव के प्रधान व अन्य लोगों की उपस्थिति में शव का पंचनामा कराकर शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
दूसरी घटना औड़िहार गोरखपुर रेल लाइन पर सैदपुर थाना क्षेत्र के मुरावर गांव के पास हुई। नसीरपुर निवासी अश्वनी कुमार मंगलवार की सुबह खेत से पशुओं का चारा काट कर लौट रहा था। उसने कान में ईयरफोन लगा रखा था। इससे उसे ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने अश्विनी के चाचा सत्यनारायण की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए, परिजनों और सम्मानित ग्रामीणों की उपस्थिति में शव का पंचनामा कराकर शव को उसके परिजनों के हवाले कर दिया।
वहीं, करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के भरौली अला और साहपुर गांव सभा के बिच में पोल संख्या 86/27अप लाईन पर बुधवार की सुबह करीब छह बजे आनंद बिहार पाटलि पुत्र एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। ट्रेन का ड्राइवर स्टेशन मास्टर को मेमो देकर सूचित किया। थानाध्यक्ष करीमुद्दीनपुर राजू दिवाकर ने बताया कि मृतक की पहचान बलिया के कारो गांव निवासी विजयशंकर यादव (60) के रूप में हुई।