करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के सद्दोपुर गांव स्थित बागीचे में बुधवार की देर शाम एक गैंग द्वारा अपने एक सदस्य का जन्मदिन मनाते समय तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने चार बाइक के साथ गिरफ्तार किया, जबकि अन्य चकमा देकर भाग गए । फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। साथ ही असलहा लहराते वीडियो भी पुलिस ने बरामद किया है।
ग्रामीणों ने बताया कि एक गैंग से जुड़े उतरांव, लठ्ठूडीह, सद्दोपुर, पहराजपुर, करीमुद्दीनपुर और नवकी पट्टी गांव के करीब 30 युवक किसी सदस्य का जन्मदिन का केक काटने के साथ जश्न मना रहे थे और मोबाइल से वीडियो शूट कर रहे थे। इसमें सात युवकों को हाथों में हथियार लेकर लहराते देखते डर गए। बड़ी तादात में हथियार लहराते युवकों को देख ग्रामीण डर गए और किसी अनहोनी को भांपकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार करने के साथ चार बाइकों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस टीम की संख्या कम होने के कारण अन्य युवक खेतों से होकर भागने में सफल रहे। पुलिस ने केक काटते समय असलहा लहराने का वीडियो क्लिप भी बरामद किया। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच चल रही है। प्रथम दृष्टया मामला गैंग से जुड़ा लगता है।