गाजीपुर। महिला सहायता प्रकोष्ठ एवं परिवार परामर्श केंद्र की पहल पर लंबे समय से आपसी मतभेद के चलते अलग रह रहे तीन दंपतियों में सुलह कराई गई। शुक्रवार को काउंसिलिंग और मध्यस्थता के बाद दंपतियों ने गिले-शिकवे भुलाकर साथ रहने पर सहमति जताई, इसके बाद उनकी सकुशल विदाई कराई गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि परिवार परामर्श केंद्र में पति-पत्नी के विवाद से संबंधित कुल 15 मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान तीन मामलों में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर मध्यस्थता कराई गई। दोनों पक्ष सहमति से साथ रहने को तैयार हो गए।
एसपी ने बताया गया कि दो मामलों में दोनों पक्षों के लगातार अनुपस्थित रहने के कारण पत्रावली बंद कर दी गई। वहीं तीन अन्य मामलों में आवश्यक विधिक सलाह देकर प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शेष मामलों में सहमति नहीं बनने पर अगली तिथि निर्धारित की गई है।