घूमते-फिरते अस्पताल लाइफ लाइन एक्सप्रेस में शनिवार को उपचार के लिए मरीजों का रेला उमड़ पड़ा। इस दौरान नेत्र, दंत की बीमारी से पीड़ित मरीजों का विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परीक्षण कर उपचार किया। उन्हें उचित परामर्श दिया। पहले दिन 1601 नेत्र रोगियों ने परीक्षण कराया जिसमें 380 मरीजों को चश्मा दिया गया। 380 मरीजों का आपरेशन किया जाएगा। दंत रोग से पीड़ित 535 मरीजों ने पंजीकरण कराया जिसमें 275 की जांच की गई।
महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के सहयोग से घूमते-फिरते रेल अस्पताल लाइफ लाइन का आगमन स्थानीय सिटी रेलवे स्टेशन पर पिछले दिनों हुआ था। शुक्रवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इसका उद्घाटन किया। पहले दिन पंजीकरण का कार्य किया गया। शनिवार से विभिन्न रोगों के परीक्षण एवं उपचार का कार्य शुरू हो गया। प्रसिद्ध चिकित्सकों की विभिन्न रोगों का परीक्षण और उपचार करने की इस सुविधा को पाने को लेकर आज सैकड़ों की संख्या में लोगों का रेला स्टेशन परिसर में उमड़ा। रविवार को भी मरीजों का पंजीकरण और परीक्षण कर उपचार किया जाएगा। इस अवसर पर महिन्द्रा एंड महिन्द्रा के उपाध्यक्ष सुशील सिंह, रेल राज्यमंत्री के प्रथम निजी सहायक सिद्धार्थ राय, भाजपा के महामंत्री सुनील सिंह, डा. रजनीश, गिल राय, अभिषेक राय, सत्यम, शिवम सहित कई अन्य उपस्थित थे। लाइफ लाइन एक्सप्रेस यहां 8 दिसंबर तक रहेगी।