पंचायत चुनाव में दूसरे चरण में चार विकासखंडों में शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच की गई। इस दौरान प्रधान एवं सदस्य पद पर कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ। नामांकन पत्रों की जांच के चलते संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर गहमागहमी रही।
पंचायत चुनाव के दूसरे दौर में प्रधान एवं सदस्य पद का चुनाव कराया जा रहा है। दूसरे चरण में पहली दिसंबर को सदर, जमानिया, रेवतीपुर एवं भदौरा में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन का कार्य शुक्रवार को संपन्न हो गया। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच के पहले दिन किसी भी ब्लाक में किसी भी पद के लिए कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ। सदर विकासखंड के निर्वाचन अधिकारी राजेश मिश्र के अनुसार प्रधान पद के लिए 649 एवं सदस्य पद पर 756 नामांकन हुए हैं। सुहवल संवाददाता के अनुसार, रेवतीपुर विकासखंड में नामांकन पत्रों की जांच हुई। ब्लाक में प्रधान पद के लिए 520 एवं सदस्य पद पर 781 नामांकन हुआ है।
भदौरा संवाददाता के अनुसार, पर्चों की जांच में आज कोई खारिज नहीं हुआ। निर्वाचन अधिकारी रमेशचन्द्र ने बताया कि प्रधान पद के लिए 428 एवं सदस्य पद के लिए 916 लोगों ने नामांकन दाखिल किया। जमानिया संवाददाता के अनुसार, निर्वाचन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधान और सदस्य पद पर कोई पर्चा खारिज नहीं हुआ। प्रधान पद के लिए 692 एवं सदस्य पद पर 1204 ने नामांकन किया था। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान गहमा गहमी को देख्ाते हुए केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए थे।