शहर के ददरीघाट पर तर्पण करते लोग। संवाद
गाजीपुर/गहमर। सर्वपितृ अमावस्या पर रविवार को गाजीपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष के लिए लोगों ने विधिविधान से श्राद्ध, पिंडदान और तर्पण किया। जिले के गंगा, गोमती, बेसो और मगई नदी के करीब 25 से अधिक घाटों पर लगगभ हजारों लोगों ने पिंडदान व तर्पण किया।
सुबह से ही कठवा मोड़ में बेसो नदी, खानपुर व सैदपुर में गोमती, मोहम्मदाबाद में मगई और गाजीपुर शहर समेत गहमर, जमानियां आदि गंगा नदी के घाटों पर दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालु गंगा स्नान कर पितृ तर्पण में जुट गए। इस दौरान गंगा तटों पर धार्मिक मंत्रोच्चार गूंजते रहे। पंडितों ने बताया कि पितृपक्ष 12 सितंबर से प्रारंभ हुआ था और 21 सितंबर को अमावस्या के साथ इसका समापन हुआ। मान्यता है कि सर्वपितृ अमावस्या पर किए गए श्राद्ध कर्म से सभी पूर्वज तृप्त होते हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इस अवसर पर घाटों पर सुरक्षा और व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। वहीं, स्थानीय बाजारों में पूजन सामग्री की खरीदारी को लेकर दिनभर रौनक बनी रही।
-