महाशिवरात्रि 26 फरवरी को मनाई जाएगी। पर्व को लेकर जिले के विभिन्न शिवालयों का रंग-रोगन और साज-सज्जा के कार्य पूरे हो चुके हैं। इससे शिवमंदिरों में चमक-दमक बढ़ गई है। कई शिव धामों के महाशिवरात्रि के मेले पर सीसीटीवी मेले से निगरानी की जाएगी।
महाशिवरात्रि को लेकर शिवभक्तों में भक्ति का उत्साह हिलोरे मारने लगा है। इस खास मौके पर जिले भर में कई स्थानों पर मेला और दंगल के आयोजन की तैयारी है। नगर के गोरा बाजार स्थित बड़ा महादेवा, बाबा अमरनाथ, चीतनाथ स्थित कोटेश्वर नाथ, रूई मंडी स्थित बूढ़ेनाथ महादेव, लालदवाजा स्थित अभयेश्वर महादेव शिव मंदिर, अति प्राचीन शिव मंदिर मिश्र बाजार, ददरी घाट, नवापुरा आदि शिव मंदिरों पर महाशिवरात्रि को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
इन मंदिरों पर महाशिवरात्रि पर्व पर दर्शन-पूजन को लेकर शिवभक्तों का हुजूम उमड़ेगा। महादेव का जलाभिषेक करने के साथ ही भक्त धतूरा, भांग, फूल-माला, प्रसाद आदि चढ़ाएंगे। जलाभिषेक के साथ दूधाभिषेक भी किया जाता है। वहीं पुलिस विभाग की ओर से प्रमुख शिव मंदिरों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मरदह क्षेत्र के महाहर धाम में शिवभक्तों की भीड़ उमड़ेगी।
यहां जनपद के कोने-कोने से लोग दर्शन-पूजन के लिए आते हैं। यहां पर जिला प्रशासन सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखेगा। पार्किंग वगैरह के लिए स्थान चिह्नित किए जा चुके हैं। पुरुष और महिलाओं के लिए अलग-अलग कतारें रहेंगी। साथ ही मेडिकल टीम भी सक्रिय रहेगी।