सैदपुर नगर पंचायत के यूबीआई शाखा की छत को काटकर स्ट्रांग रूम में घुसे चोरों ने लॉकर काटकर करीब एक करोड़ रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था। चोरों द्वारा ऐसे दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिए डेढ़ माह बीते गए, लेकिन अब तक पुलिस चोरों को चिह्नित करना तो दूर उनके पास भी नहीं पहुंच सकी है। सिर्फ गैर जनपदों और प्रांतों का खाक छानकर रही है, लेकिन सफलता कोसों दूर दिखाई पड़ रही है। सिर्फ जल्द खुलासे का दावा कर पल्ला झाड़ ले रही है। इधर पीड़ित न्याय की आस लगाए बैठे हैं।
मालूम हो कि बीते आठ मई की रात सैदपुर नगर पंचायत स्थित यूबीआई शाखा की छत को काटकर चोर घुस गए थे और स्ट्रांग रूम का लॉकर काटकर करीब एक करोड़ के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया था। पुलिस कई दिनों तक छानबीन में जुटी रही। यहां तक कि इस वारदात के खुलासे को लेकर चंदौली पुलिस को भी लगाया गया था। एसपी ने तेज तर्रार पुलिस कर्मियों की टीम भी गठित की थी, लेकिन चोरों तक पुलिस पहुंच नहीं सकी है। अब पुलिस टीम एक सप्ताह के अंदर पूरे मामले का खुलासा करने और चोरों तक पहुंचने का दावा कर रही है, लेकिन स्थिति तो यह है कि यह दावा घटना के दूसरे दिन से ही महकमे के उच्चाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है। जबकि सफलता दूर-दूर तक मिलती नजर आ रही है। इस संबंध में सैदपुर कोतवाल तेज बहादुर सिंह ने बताया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।