भड़सर। वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर मिर्जापुर क्यामपुर टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा 24 घंटे निशुल्क हाईवे एंबुलेंस और क्रेन सेवा उपलब्ध होने का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है।
जनवरी के पूरे महीने में हाईवे एंबुलेंस को मात्र एक केस मिलने का रिकॉर्ड दर्ज है। जबकि बिरनो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इसी अवधि में सड़क दुर्घटना के 23 मामले दर्ज हुए, जिनका प्राथमिक उपचार किया गया। एंबुलेंस पर परिचालक रंजीत कुमार, राजेश कुमार, ईएमटी राजू और आशुतोष की तैनाती है। इन्हें टोल प्लाजा के पीछे आवास भी उपलब्ध कराया गया है। इसके बावजूद सेवा का उपयोग न के बराबर होना कई सवाल खड़े कर रहा है। वहीं क्रेन सेवा का हाल भी कुछ ऐसा ही है। चालक दिनेश साहनी और एक अन्य कर्मचारी के रिकॉर्ड में पूरे जनवरी में शून्य सेवा दर्ज है। ग्रामीण मिठाई यादव ने बताया कि पृथ्वीपुर से जंगीपुर तक एनएचएआई द्वारा बड़े-बड़े बोर्ड लगाए गए हैं, लेकिन एंबुलेंस और क्रेन सेवा से संबंधित कोई स्पष्ट सूचना या हेल्पलाइन नंबर प्रदर्शित नहीं है।