गाजीपुर। सेंट्रल बोर्ड आफ सेकेंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) की 10वीं एवं 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित हो गए हैं। इसे लेकर पिछले कई दिनों से उनमें ऊहापोह बना हुआ था। मंगलवार को दिन में परिणाम की घोषणा की सूचना मिलते ही छात्र-छात्राओं में उत्सुकता बढ़ गई। निर्धारित समय पर नतीजे आते ही छात्र-छात्राएं उसकी जानकारी लेने में जुट गए। कई छात्रों ने स्कूल जाकर जानकारी की तो कई ने साइबर कैफे आदि के माध्यम से परिणाम जाना। इस दौरान जिन छात्र-छात्राओं ने अच्छे अंकों से बाजी मारी, वे खुशी से उछल पड़े। उन्होंने एक-दूसरे को बधाई देकर प्रसन्नता जाहिर की। इनमें से कुछ छात्र ऐसे थे, जिन्हें कुछ और बेहतर अंक आने की उम्मीद थी लेकिन अपेक्षा के अनुसार न आने से वे मायूस नजर आए। कुछ छात्र जो उत्तीर्ण नहीं हो पाए उनके चेहरे बुझे थे। बच्चों की कामयाबी की जानकारी परिजनों को होते ही घर में उत्सव सा माहौल हो गया। उन्होंने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर खुशी का इजहार किया। देर शाम तक परिजन जश्न में डूबे रहे। रिश्तेदारों एवं शुभ चिंतकों की तरफ से भी बधाई देने का क्रम रात तक बना रहा। किसी ने घर जाकर तो किसी ने मोबाइल के जरिये बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया।
सीबीएसई के नतीजे आने के बाद परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले कई छात्र-छात्राओं ने आसपास के मंदिरों में जाकर दर्शन-पूजन किया। कोई परिजनों संग पहुंचा तो कुछ ने मित्रों के साथ पहुंचकर भगवान के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान भविष्य में और बेहतर करने की कामना की। दर्शन-पूजन का यह सिलसिला रात तक बना रहा। मंगलवार होने की वजह से मंदिरों में कुछ ज्यादा भीड़ रही।